नागपुर: डागा स्मृति शासकीय महिला अस्पताल से चोरी हुई महज एक दिन की नवजात बच्ची को तहसील और यशोधरानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्ची को यशोधरानगर के टिपू सुल्तान चौक क्षेत्र से बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया गया। मामले में एक महिला को हिरासत में लिया गया है, जबकि उसके भाई से भी पूछताछ की जा रही है।
गोलीबार चौक निवासी प्रभा शक्ति पाठराबे ने 20 अगस्त को बच्ची को जन्म दिया था। शुक्रवार सुबह करीब 11.30 बजे बच्ची अपनी नानी मीना खळतकर के पास थी। इसी दौरान बुर्का पहने एक महिला वहां पहुंची और बच्ची को टीका लगवाने की बात कही। महिला ने सरकारी योजना के तहत फॉर्म भरने पर पैसे और किट मिलने का झांसा भी दिया।
महिला बच्ची को लेकर अस्पताल से चली गई, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने डॉक्टरों से जानकारी ली तो पता चला कि अस्पताल में ऐसी कोई टीकाकरण प्रक्रिया नहीं चल रही थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल तहसील पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने अस्पताल के CCTV फुटेज खंगालते हुए महिला का पीछा किया और जांच यशोधरानगर के टिपू सुल्तान चौक क्षेत्र तक पहुंची। संयुक्त पुलिस टीम ने एक घर पर छापा मारकर आशियाना अंजुम सैयद अल्ताफ को हिरासत में लिया। उसके भाई मोहम्मद शोएब को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसकी मां को सौंप दिया। वहीं, हिरासत में ली गई महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला की तीन दिन पहले बेटी की मौत हुई थी। नवजात बच्ची को अस्पताल से ले जाने के पीछे यही वजह थी या कोई अन्य मकसद, इसकी जांच पुलिस कर रही है।






