
गोंदिया। अब गोंदिया की तस्वीर बदलने वाली है , दिवाली तक गोंदिया से नवी मुंबई के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद है। दो दिवसीय दौरे पर गोंदिया पहुंचे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद प्रफुल पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिले की कनेक्टिविटी और नए बायपास -ओवर ब्रिज- रेलवे स्टॉपेज और शहर के विकास को लेकर कई बड़े अपडेट दिए। उनके साथ राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन भी मौजूद रहे।
इंदौर-हैदराबाद बंद, लेकिन मुंबई रूट होगा शुरू
प्रफुल पटेल ने बताया कि गोंदिया से पहले शुरू की गई इंदौर और हैदराबाद की उड़ानें पर्याप्त यात्री नहीं मिलने और विमानन कंपनियों को नुकसान के चलते बंद करनी पड़ीं लेकिन गोंदिया-मुंबई रूट पर यात्री मांग और ट्रैफिक को देखते हुए विमानन कंपनियों से बातचीत सकारात्मक दौर में है। पटेल के मुताबिक, दिवाली तक गोंदिया-नवी मुंबई हवाई सेवा शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
समृद्धि महामार्ग से गोंदिया का सीधा कनेक्शन
सिर्फ हवाई सेवा ही नहीं, सड़क कनेक्टिविटी को लेकर भी बड़ा रोडमैप सामने आया है। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग को गोंदिया और गढ़चिरौली से जोड़ने का काम तेज गति से चल रहा है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है इस बात की जानकारी सांसद पटेल ने देते कहा-केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा के बाद जिले में बायपास और ओवरब्रिज निर्माण को लेकर भी योजना तैयार की गई है। आमगांव, देवरी, तिरोड़ा और तुमसर जैसे क्षेत्रों में बाईपास सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर है।
रेलवे कनेक्टिविटी पर भी बड़ा फोकस
रेल सुविधाओं को लेकर भी गोंदिया को बड़ी उम्मीदें हैं। राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन को संसद की रेल कमेटी में शामिल किए जाने का जिक्र करते हुए पटेल ने कहा कि क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जा रहा है। दिल्ली-दुरंतो एक्सप्रेस का गोंदिया में स्टॉपेज, साथ ही आमगांव और सालेकसा में प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल मंत्रालय से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शहर से हटेगा भारी वाहनों का दबाव
गोंदिया शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने के लिए रेलवे मालधक्का को हिरडामाली रेलवे स्टेशन के पास स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर भी काम तेजी से चल रहा है , वहीं भीमनगर रेलवे चौकी पर बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर के निर्माण की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जाने की जानकारी पटेल ने दी , साथ ही
2 लाख रुपये तक की किसान कर्जमाफी और धान बोनस को लेकर राज्य सरकार का रुख जल्द पूरी तरह स्पष्ट होने की बात प्रफुल पटेल ने कही।
मंत्रिमंडल में NCP की हिस्सेदारी? पटेल ने कहा फैसला PM का
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नागपुर टुडे से सवाल उठा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में NCP को जगह मिलेगी या प्रफुल पटेल जल्द कैबिनेट मंत्री बनेंगे ?
इस पर पटेल ने साफ कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अधिकार क्षेत्र का विषय है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
महाराष्ट्र में OBC और मराठा आरक्षण को लेकर सामाजिक तनाव के सवाल पर पटेल ने कहा कि हर समाज की अपनी अपेक्षाएं हैं और सरकार को सभी की बात सुननी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि NCP सरकार का हिस्सा है और सरकार जो भी निर्णय लेगी, पार्टी उसके साथ रहेगी।
BJP के साथ गठबंधन के बीच NCP के पारंपरिक और धर्मनिरपेक्ष मतदाता वर्ग, खासकर अल्पसंख्यक समाज के भरोसे को लेकर भी नागपुर टुडे द्वारा सवाल पूछा गया।
प्रफुल पटेल ने कहा कि राष्ट्रपति कांग्रेस पार्टी- शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा से जुड़ी हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी का मतदाता वर्ग उनके साथ बना हुआ है।
बहरहाल प्रफुल्ल पटेल की प्रेस कांफ्रेंस के बाद-अब बड़ा सवाल यही है-दिवाली तक गोंदिया से मुंबई के लिए विमान वास्तव में उड़ान भरता है या नहीं? इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
रवि आर्य





