
नागपुर– नागपुर शहर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों ने 24 से 25 सितंबर के बीच समन्वित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री, मादक पदार्थों की तस्करी, वाहन चोरी और प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। महज दो दिनों में की गई इन कार्रवाइयों में कुल 23 प्रकरण दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई में कुल ₹13 लाख 46 हजार 950 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ एमडी बरामद होने के साथ ही चोरी के तीन वाहन भी पुलिस के हाथ लगे।
एमडी तस्करों पर कसा शिकंजा
क्राइम ब्रांच की टीमों ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 69.600 ग्राम एमडी बरामद की। एमडी और अन्य जब्त मुद्देमाल की कुल कीमत ₹11 लाख 31 हजार 800 रुपये बताई गई है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब के खिलाफ 18 कार्रवाई
शहर में अवैध रूप से शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी क्राइम ब्रांच ने व्यापक कार्रवाई की। महाराष्ट्र दारूबंदी कानून के तहत 18 कार्रवाई करते हुए 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इन मामलों में ₹45 हजार 150 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया।
वाहन चोर भी पुलिस के रडार पर
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन चोरी के वाहन बरामद किए गए। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब ₹1 लाख 70 हजार रुपये है। वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों पर भी कार्रवाई
शहर में प्रतिबंधित तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी क्राइम ब्रांच की टीमों ने कार्रवाई की। COTPA Act के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों द्वारा की गई इन कार्रवाइयों के साथ ही नागपुर शहर में कानून एवं व्यवस्था अबाधित रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधात्मक उपाय भी किए गए। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, वाहन चोरी तथा प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ पुलिस का सख्त रुख सामने आया है।
डीसीपी क्राइम दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों द्वारा की गई इस समन्वित कार्रवाई में अलग-अलग अपराधों में शामिल आरोपियों पर कानूनी शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में मुद्देमाल जब्त किया गया।




