
नागपुर : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित ‘दिव्य दरबार’ में किए गए ‘पुत्र योग’ के दावे को लेकर नया विवाद सामने आया है। उत्तर प्रदेश के झांसी निवासी राजेंद्र कुमार का दावा है कि वह अपनी पत्नी के साथ बागेश्वर धाम गए थे। वहां उन्हें पुत्र प्राप्ति का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, उनकी चौथी संतान के रूप में बेटे के बजाय बेटी का जन्म हुआ।
राजेंद्र कुमार के अनुसार, उनकी पहले से तीन बेटियां हैं। चौथी संतान के समय उन्हें बेटे की उम्मीद थी। उनका दावा है कि बागेश्वर धाम के दरबार में उनकी पत्नी को कथित रूप से ‘प्रेतबाधा’ होने की बात कही गई थी और एक पर्ची में ‘पुत्र योग’ का उल्लेख किया गया था। लेकिन चौथी संतान भी बेटी होने के बाद उन्होंने इस दावे पर सवाल उठाए हैं।
इस मामले में राजेंद्र कुमार ने अखिल भारतीय अंधविश्वास निर्मूलन समिति से संपर्क किया है। समिति के राष्ट्रीय महासचिव हरीश देशमुख ने कुमार से मामले की जानकारी लेने की बात कही है। समिति का कहना है कि पूरे मामले में किए गए दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की वैज्ञानिक एवं कानूनी तरीके से जांच जरूरी है।
समिति के अनुसार, राजेंद्र कुमार झांसी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, चौथी संतान के रूप में बेटी के जन्म के बाद कुमार ने अपनी बेटी को अच्छी शिक्षा देकर बड़ा अधिकारी बनाने का संकल्प व्यक्त किया है।




