
गोंदिया। आसमान से बरसती बेरुखी और खेतों में सूखती उम्मीदों की फसल के बीच संकट में घिरे अन्नदाता को ढांढस बंधाने सत्तापक्ष खुद मैदान में उतर आया है। गोंदिया-भंडारा जिले में सूखे के गहराते संकट को देखते हुए पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक डॉ. परिणय फुके ने देवरी तहसील क्षेत्र के गांवों में ग्राउंड जीरो पर जाकर हालात का जायजा लिया। दफ्तरों से निकलकर सीधे किसानों की खेत मुंडेर तक पहुंचे विधायक फुके ने बर्बाद हो रही धान की फसलों का मुआयना किया और किसानों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर मोड़ पर उनके साथ खड़ी है।
सीएम के निर्देश पर सीधे खेत में उतरा प्रशासनिक अमला
राज्य में सूखे के गंभीर हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कड़े निर्देशों के बाद सत्ताधारी विधायक सीधे किसानों के बीच पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में गोंदिया के देवरी तहसील अंतर्गत ग्राम भागी में विधायक डॉ. परिणय फुके राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों के बड़े लश्कर के साथ पहुंचे। बारिश की लंबी खेंच के चलते धान का कटोरा कहे जाने वाले इस इलाके में फसलें सूखने की कगार पर हैं। पानी की भारी किल्लत से बर्बाद हो रहे धान के खेतों का मुआयना करते हुए डॉ. फुके ने किसानों का दर्द सुना।
अधिकारियों को निर्देश: ‘तुरंत शुरू करें राहत की प्रक्रिया’
खेतों की बदहाली देखकर विधायक डॉ. फुके ने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नुकसान का त्वरित पंचनामा और सर्वे पूरा किया जाए, ताकि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके। उन्होंने किसानों से कहा, “सरकार पूरी तरह आपके साथ है। फसलों के नुकसान का सर्वेक्षण तेजी से चल रहा है और प्रक्रिया पूरी होते ही सीधी मदद का ऐलान किया जाएगा। किसी भी अन्नदाता को बेसहारा नहीं छोड़ा जाएगा।
इस दौरान डॉ. फुके ने तहसील के लघु सिंचाई परियोजनाओं में उपलब्ध जलस्तर की भी बारीकी से समीक्षा की और आने वाले दिनों में संभावित जलसंकट से निपटने के लिए अफसरों को पुख्ता कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ तहसीलदार रोहित शैलखंडे, मंडल अधिकारी प्रकाश वैद्य, पटवारी उज्ज्वल पटले, वीरेंद्र अंजनकर, राजू साहू, प्रवीण दहीकर, इंद्रजीत भाटिया सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद थे।
रवि आर्य




