Published On : Wed, Jul 15th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

नागपुर में गुजरात पुलिस की हिरासत से चेक बाउंस का आरोपी फरार

होटल से भागने पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
Advertisement

नागपुर: नागपुर में गुजरात पुलिस की हिरासत से एक चेक बाउंस मामले का आरोपी फरार हो गया, जिससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर गुजरात ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में नागपुर के एक होटल से वह कथित तौर पर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता हिमंतभाई जिंजाला (57), जो गुजरात के राजकोट शहर पुलिस के ए-डिवीजन में पुलिस उपनिरीक्षक हैं, चेक बाउंस मामले में आरोपी अमित दास बीकमदास को ओडिशा से बेलेबल वारंट पर गिरफ्तार कर निजी टैक्सी से गुजरात ले जा रहे थे।

यात्रा के दौरान पुलिस टीम नागपुर के तहसील थाना क्षेत्र स्थित इंडिया सन्स होटल में ठहरी। शिकायत के मुताबिक, पुलिस अधिकारी, हवलदार और आरोपी अलग-अलग कमरों में ठहरे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस हवलदार को नींद आ गई और आरोपी मौके का फायदा उठाकर होटल से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि होटल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को होटल से बाहर निकलते हुए देखा गया है। घटना के बाद गुजरात पुलिस ने तहसील थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी के फरार होने के बाद नागपुर और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं। शहर के संभावित ठिकानों के साथ-साथ शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी आरोपी की तलाश की जा रही है।

Advertisement

इस घटना के बाद पुलिस हिरासत में आरोपी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा में लापरवाही हुई या आरोपी किसी अन्य तरीके से फरार हुआ, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.