नागपुर: नागपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस कर्मचारी पर जेल की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, वही कथित तौर पर लाखों रुपये की चरस लेकर जेल परिसर में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया। धंतोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई की सुबह नागपुर सेंट्रल जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर नियमित जांच के दौरान जेल कर्मचारी विकास सहारे की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से करीब 39 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 ग्राम वजन की नीले रंग की संदिग्ध गोलियां, 5 ब्लेड तथा अन्य सामग्री भी जब्त की है। जब्त किए गए मुद्देमाल की कुल कीमत 3 लाख 250 रुपये आंकी गई है।
कारागृह हवालदार की शिकायत पर धंतोली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और कारागृह अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ जेल के अंदर किसके लिए और किस उद्देश्य से ले जा रहा था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह शामिल है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।





