
नागपुर – सेंधमारी की लगातार वारदातों से परेशान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की मदद से बड़ी सफलता मिली है। मानकापुर पुलिस ने चोरी के मामले में मोमिनपुरा की कब्रिस्तान गली निवासी कासीब शेख उर्फ गोलू वल्द मोहम्मद वकील शेख (19) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राजू के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोपहिया वाहनों समेत करीब 3 लाख 48 हजार रुपए का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, फरस चौक, मानकापुर निवासी तुषार देवराजवी ढोबले की मानकापुर क्षेत्र में डेली नीड्स की दुकान है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट और नकदी सहित करीब 8 हजार रुपए का माल चुरा लिया था। घटना की शिकायत मानकापुर थाने में दर्ज कराई गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आए। इसी बीच पुलिस को कासीब शेख के संबंध में गोपनीय सूचना मिली। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में कासीब ने अपने साथी राजू के साथ मिलकर अलग-अलग इलाकों में छह सेंधमारी की वारदातें करने की जानकारी दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का माल और दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका है, जबकि उसके साथी राजू की तलाश जारी है। पुलिस अब अन्य वारदातों में उसकी भूमिका और बरामद माल की जानकारी जुटा रही है।




