
नागपुर – ट्रेन के एसी कोच को गांजा तस्करी का जरिया बनाकर सफर कर रहे दो आरोपियों को रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम इंटेलिजेंस ब्यूरो (सीआईबी) टीम ने दबोच लिया। आरोपियों के पास से कुल 22.440 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 11.22 लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आफिर साधू मलिक (22), निवासी गजपति, ओडिशा तथा टुकुना सोसाइड तनती (23) के रूप में हुई है।
सीआईबी नागपुर को सूचना मिली थी कि ट्रेन क्रमांक 12843 पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी कोच बी-5 और बी-6 में दो यात्री भारी मात्रा में गांजा लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईबी की विशेष टीम ट्रेन में सवार हुई और सिंदी-वर्धा सेक्शन के बीच निगरानी एवं जांच शुरू की।
जांच के दौरान बी-5 कोच की बर्थ क्रमांक 19 पर यात्रा कर रहे आफिर साधू मलिक और बी-6 कोच की बर्थ क्रमांक 16 पर बैठे टुकुना तनती की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। टीम ने दोनों से उनके सामान के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों घबरा गए और अपने सामान को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
संदेह बढ़ने पर दोनों आरोपियों को वर्धा रेलवे स्टेशन पर उनके सामान समेत उतारा गया। इसके बाद उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में आफिर मलिक के बैग से 8.150 किलो तथा टुकुना तनती के बैग से 14.290 किलो गांजा बरामद हुआ।
सीआईबी टीम ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 22.440 किलो गांजा, दो ट्रॉली बैग और दो मोबाइल फोन जब्त किए। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपियों तथा जब्त माल को लोहमार्ग पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
सीआईबी की इस कार्रवाई से ट्रेन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर गड़ गई है। अब लोहमार्ग पुलिस आरोपियों से गांजे की खेप के स्रोत और उसके गंतव्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।




