Published On : Thu, Aug 27th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो भाई पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

Advertisement

शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो भाई पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत

नागपुर: कलमना थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। पाचझोपड़ा मिनीमाता नगर में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय युवक की मेयो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी भाई को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

मृतक की पहचान 21 वर्षीय मोहन चिंताराम बांते के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मोहन शराब का आदी था और अक्सर अपने माता-पिता से शराब के लिए पैसे मांगता था। पैसे नहीं मिलने पर वह घर में विवाद और गाली-गलौज करता था।

बुधवार शाम करीब 6 बजे मोहन की मां काम से घर लौटीं। उस समय मोहन नशे में था। उसने मां से शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर घर का सामान बाहर फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने अपने 19 वर्षीय भाई समीर चिंताराम बांते के साथ भी गाली-गलौज की और मारपीट करने की कोशिश करते हुए चाकू से हमला करने की धमकी दी।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 8.30 बजे समीर चाकू लेकर आया और मोहन के हाथ, पेट, पीठ और गले के पास वार कर दिए। हमले में मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल मेयो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

घटना की जानकारी मिलने के बाद कलमना पुलिस ने आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.