नागपुर: नागपुर सुधार प्रन्यास (NIT) कार्यालय में महिला कर्मचारी से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि काम के सिलसिले में कार्यालय पहुंचे दो ब्रोकरों ने महिला कर्मचारी को घूरते हुए अश्लील इशारे किए और अभद्र व्यवहार किया। महिला की शिकायत पर सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय शिकायतकर्ता NIT में अभियंत्रिकी सहायक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों आरोपी ब्रोकर हैं और काम के सिलसिले में अक्सर NIT कार्यालय आते-जाते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों आरोपी महिला कर्मचारियों को लगातार घूरते और आपत्तिजनक इशारे करते थे।
25 अगस्त को दोपहर करीब 1 से 3 बजे के बीच दोनों आरोपी एक प्लॉट के आरएल से संबंधित काम के सिलसिले में NIT कार्यालय पहुंचे थे। संबंधित विभाग में काम नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों के शिकायतकर्ता की कुर्सी के पीछे जाकर खड़े होने का आरोप है।
महिला कर्मचारी ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने पीछे से उनके कंधे पर हाथ लगाया और उन्हें सुंदर बताया। इस घटना से महिला कर्मचारी असहज और भयभीत हो गईं।
शिकायत के आधार पर सदर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




