नागपुर: नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में ईंट भट्टी पर मजदूरी के दौरान हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। ईंट भरने के काम को लेकर हुए झगड़े में एक मजदूर ने अपने साथी पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक सुनील सतनामी (40) और आरोपी हिमांशु उर्फ गुड्डू सोनटक्के (28) एक-दूसरे को पहले से जानते थे और कलमना क्षेत्र स्थित बबलू खान की ईंट भट्टी पर मजदूरी करते थे।
बताया गया कि 12 जुलाई को ईंट भरने के काम के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कुछ ही देर में कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी हिमांशु ने फावड़े से सुनील के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
खून से लथपथ सुनील को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सीमा सतनामी की शिकायत पर कलमना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





