नागपुर: नागपुर के भांडेवाड़ी में 15 जून को हुई खूनी गैंगवार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार गैंग लीडर यश प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक गैंग के खिलाफ पहले ही महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई की है, जबकि दूसरे गैंग पर भी मकोका लगाने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून की रात भांडेवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतुजी नगर में पुरानी रंजिश को लेकर दो आपराधिक गुट आमने-सामने आ गए थे। देखते ही देखते विवाद हिंसक गैंगवार में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कोयते और चाकुओं से हमला किया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस दौरान एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया गया।
घटना के बाद भांडेवाड़ी पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों गुट संगठित आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हैं।
इसी आधार पर पुलिस ने एक गैंग के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की, जबकि दूसरे गैंग पर भी मकोका लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। मकोका लागू होने के बाद दूसरे गुट का सरगना यश प्रधान फरार हो गया था।
लगातार तकनीकी जांच और तलाश अभियान के बाद पुलिस ने यश प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि गैंग के अन्य सदस्यों, आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि शहर में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।





