
भंडारा। नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-53) पर शुक्रवार तड़के 4 बजे रफ्तार के बेकाबू जुनून ने पोला के त्योहार की खुशियों को चीखों और आंसुओं में तब्दील कर दिया। भंडारा जिले के लाखनी तहसील के पिंपलगांव/सड़क स्थित ‘ भाऊ ढाबे ‘ के पास तेज रफ्तार पिकअप और ट्रक की भीषण और रोंगटे खड़े कर देने वाली टक्कर में 9 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी श्रमिक छत्तीसगढ़ के बताए जा रहे हैं।
ट्रक के पीछे जा घुसी मजदूरों से भरी पिकअप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह तड़के उस वक्त हुआ जब हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर एक ट्रक नागपुर की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से अंधाधुंध रफ्तार में आ रही मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी। टक्कर की गूंज इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग सहम उठे। पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर लोहे की चादरों के बीच बुरी तरह दब गए।इस भीषण सड़क हादसे में पिकअप में सवार 14 में से मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई , तथा एक में उपचार दौरान दम तोड़ दिया , मृतकों में महिला श्रमिक , बच्चे और पुरुष मजदूरों का समावेश है।
जिंदगी और मौत के बीच जंग
घटना की सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबे में तब्दील हो चुके वाहन से घायलों को निकालने में रेस्क्यू टीम को भारी जद्दोजहद करनी पड़ी। गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को तुरंत भंडारा के शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMC) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है , मृतक और घायल सभी मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं जो रोजगार के सिलसिले में नागपुर जा रहे थे किसी बीच तीज का त्योहार मातम में बदल गया।
त्योहार के दिन रोजी-रोटी के लिए सफर कर रहे थे
पोला के पड़वा त्योहार की सुबह, तड़के के समय भंडारा जिले के लाखनी तहसील के पिपलगांव के भाऊ ढाबा परिसर निकट हुए इस सड़क हादसे ने झकझोर कर रख दिया है , रोजी रोटी की तलाश में घर से निकले मजदूरों के घरों तक जब इस सड़क हादसे की खबर पहुंची तो परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
वही स्पीड राडार नदारद होने से सिस्टम पर भी सवाल खड़े हो गए हैं , तड़के हाईवे पर बेलगाम दौड़ते वाहनों की रफ्तार पर नकेल कसने के लिए निगरानी तंत्र क्यों सो रहा था ? पेट्रोल पंप पर तथा ढाबों के मुख्य लेन में आने वाले भारी वाहनों के लिए तय सुरक्षा मानकों और चेतावनी बोर्डो का पालन क्यों नहीं कराया जा रहा? बहरहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है, त्योहार के दिन रोजी-रोटी कमाने निकले परदेसी श्रमिकों की इस त्रासदी ने इलाके को हिला कर रख दिया है।
रवि आर्य





