भंडारा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। महज़ तीन साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर सार्वजनिक शौचालय में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश का आरोप है। बच्ची की चीख सुनकर स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस घटना के विरोध में आज पूरे भंडारा शहर में बंद का आह्वान किया गया है , नतीजा तन दुकानें बंद और बाजार वीरान हैं।
बहला फुसलाकर सार्वजनिक शौचालय में ले गया
पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार, 6 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे आंबेडकर वार्ड इलाके में हुई। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रोहित वासनिक के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने तीन वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर सार्वजनिक शौचालय में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की।
लेकिन मासूम की चीख-पुकार ने आरोपी की साजिश नाकाम कर दी। आवाज़ सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की। बताया जा रहा है कि भीड़ से बचने की कोशिश में आरोपी ने खुद को टाईल्स के टुकड़े से घायल भी कर लिया तथा अपना सिर जमीन पर पटकने लगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित बच्ची और घायल आरोपी, दोनों को इलाज के लिए भंडारा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
घटना का निषेध , मामला फास्ट्रेक कोर्ट में चलने की मांग
घटना की खबर पूरे शहर में फैलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की और फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर जल्द सजा दिलाने की मांग उठाई। इसी मांग को लेकर आज भंडारा बंद का आह्वान किया गया, जिसका शहर में व्यापक असर देखने को मिला। मुख्य बाजारों समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे और लोगों ने इस घटना के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संवेदनशील मामले में जांच जारी है और पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
रवि आर्य





