नागपुर: अजनी थाना क्षेत्र के बेलतरोडी रोड स्थित रेणुका विहार कॉलोनी के पास शनिवार सुबह 47 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक लंबे समय से टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित था और नियमित इलाज नहीं करा रहा था। परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश या संदेह से इनकार किया है।
अजनी पुलिस को शनिवार सुबह सूचना मिली कि बेलतरोडी रोड स्थित रेणुका विहार कॉलोनी के पास एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसकी पहचान 47 वर्षीय निलेश कांबले, निवासी रमा नगर, पंचशील, के रूप में की।
जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि निलेश पिछले तीन वर्षों से टीबी की बीमारी से पीड़ित था। वह नियमित रूप से इलाज नहीं करा रहा था और अधिकांश समय घर से बाहर ही रहता था।
शनिवार सुबह उसे अचानक खून की तेज उल्टियां हुईं, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने किसी भी तरह की शिकायत या संदेह व्यक्त नहीं किया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





