
अमरावती: गोविंद शांति विहार, भातकुली रोड परिसर में एक निर्माणाधीन मकान से इलेक्ट्रिक फिटिंग के वायर चोरी करने के मामले में खोलापुरी गेट पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चोरी के वायर, मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन समेत कुल ₹1.13 लाख 500 रुपये का माल जब्त किया है।
शिकायतकर्ता विक्की रमेशराव पारवे (33), निवासी केवले प्लॉट, अमरावती के नए मकान का निर्माण गोविंद शांति विहार परिसर में चल रहा है। निर्माण स्थल पर इलेक्ट्रिक फिटिंग का काम भी शुरू था।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की शाम 7 बजे से 18 सितंबर की सुबह 5 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने निर्माण स्थल पर लगाए गए इलेक्ट्रिक फिटिंग के वायर खींचकर काटे और चोरी कर लिए। चोरी किए गए वायर की कीमत करीब ₹20 हजार बताई गई है।
शिकायत के आधार पर खोलापुरी गेट पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तोहीद अहेमद शेख हबीब (19), अबरार शाह करीम शाह (22) और शेख मलीक शेख अन्सार (22) को हिरासत में लिया। आरोपियों के पास से चोरी का सामान और अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




