
अमरावती: क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने गुप्त सूचना के आधार पर बडनेरा रोड स्थित बगिया टी पॉइंट पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 10 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनवीर खान हाशिम खान (22), निवासी हैदरपुरा और फैजान शाह अमीन शाह (19), निवासी रहमत नगर, अमरावती के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी ओडिशा के झारसुगुड़ा से गांजा लेकर अमरावती पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह गांजा फरार आरोपी आसिफ पंजा तक पहुंचाने वाले थे।
गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने बडनेरा रोड स्थित बगिया टी पॉइंट पर निगरानी रखकर दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 किलो गांजा बरामद किया गया।
मामले में बडनेरा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पुलिस फरार आरोपी आसिफ पंजा की तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने की।




