
नागपुर: हुड़केश्वर पुलिस की हिरासत से फरार हुए कुख्यात सेंधमार हर्ष उर्फ ‘इक्का’ महेंद्र रामटेके (25) की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस कस्टडी से फरार होने के कुछ ही घंटों बाद आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी लिव-इन पार्टनर को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता (बदला हुआ नाम रागिनी) एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उसका पिछले छह वर्षों से हर्ष के साथ प्रेम संबंध था। दोनों करीब पांच वर्षों तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और उनकी तीन वर्षीय बेटी भी है। पीड़िता आरोपी पर विवाह का दबाव बना रही थी, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। इससे परेशान होकर कुछ महीने पहले वह अपने माता-पिता के घर रहने चली गई।
पुलिस ने बताया कि करीब एक माह पहले आरोपी रागिनी के घर पहुंचा था, जहां उसने गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए पीड़िता के भाई को भी गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई थी। हालांकि उस समय किसी कारणवश शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
इसी बीच, सेंधमारी के एक मामले में हुड़केश्वर पुलिस ने हर्ष उर्फ इक्का को गिरफ्तार किया था। सोमवार सुबह शौचालय ले जाते समय वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरारी के करीब तीन घंटे बाद, सुबह लगभग 10:30 बजे, आरोपी ने अपने एक साथी के इंस्टाग्राम अकाउंट से रागिनी को धमकी भरा संदेश भेजा।
मैसेज में आरोपी ने दावा किया कि वह पुलिस हिरासत से भाग चुका है और जल्द ही रागिनी तथा उसके भाई की हत्या कर देगा। संदेश मिलने के बाद डरी-सहमी पीड़िता सीधे बेलतरोड़ी पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जान से मारने की धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Amravati में सड़क हादसों पर बड़ा एक्शन #AmravatiNews #RoadSafety #TrafficRules #Helmet #FakeHelmet
Gondia: Viral Video के बाद प्रशासन हरकत में #GondiaNews #ViralVideo #RoadRepair #BadRoads...
मामूली विवाद बना खूनी हमला! #NagpurNews #BajajNagar #BreakingNews #CrimeNews #PoliceAction #Assault
सावनेर में ट्रेन की चपेट में आने से सगे 2 भाइयों की...
कलमना में देह व्यापार के अड्डे पर सामाजिक सुरक्षा विभाग का छापा...
जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जा रहे बच्चे #Nashik...




