
नागपुर : नागपुर में एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई। बच्चा अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आया था। खेलते-खेलते वह घर की छत पर पहुंच गया, जहां खुले बिजली के तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के टीपू सुल्तान चौक स्थित गरीब नवाज परिसर में सामने आई है।
मृतक की पहचान सहात अहमद मोहम्मद अरशद अहमद (5) निवासी मोमिनपुरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सहात अपने मामा मोहम्मद एहफाज मोहम्मद आबिद के घर छुट्टियां बिताने आया हुआ था।
बताया जाता है कि दोपहर के समय सहात घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान वह वहां मौजूद बिजली के तार के संपर्क में आ गया। तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आते ही मासूम को जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर छत पर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए और तत्काल बच्चे को उपचार के लिए मेयो अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पूरे परिसर में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद यशोधरा नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है तथा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यशोधरा नगर थाना के पुलिस निरीक्षक संदीप बुवा ने बताया कि प्राथमिक जांच में बिजली के तार की चपेट में आने से बच्चे की मौत होने की बात सामने आई है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।







