
नागपुर: कलमना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने का मामला सामने आया है। भरतवाड़ा रोड स्थित शिक्षक कॉलोनी में घर के सामने खेल रहे चार वर्षीय शिवांश सचिन देशमुख को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर कलमना पुलिस ने महिला कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना 23 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे की है। शिवांश अपने घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान एक महिला कार चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दी।
हादसे की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें टक्कर की घटना और उसके बाद का दृश्य कैद हुआ है। टक्कर के कारण शिवांश सड़क पर गिर गया और उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल बच्चे को उपचार के लिए भवानी अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि उपचार के बाद महिला कार चालक वहां से अपनी कार लेकर चली गई।
घटना के बाद बच्चे के पिता सचिन हरिभाऊ देशमुख स्थानीय नगरसेवक और अन्य नागरिकों के साथ कलमना पुलिस थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ देर के लिए थाने में तनाव का माहौल बन गया।
शिकायत मिलने के बाद कलमना पुलिस ने महिला कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और घटना की आगे जांच जारी है।




