नागपुर: शहर में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाठोड़ा पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 27.33 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने कार और मोबाइल फोन समेत कुल ₹6.46 लाख का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की तड़के करीब 4:10 बजे गरीब नवाज चौक पर विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद टाटा पंच कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार रुकते ही उसमें सवार एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद उजेर शेख जावेद (20), निवासी बाबा ताजनगर, खरबी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसकी जेब से जिपलॉक पाउच में रखी 27.33 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ उसके फरार साथी आवेश खान (30) का है और दोनों शहर में इसकी बिक्री की योजना बना रहे थे। इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी।
वाठोड़ा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





