
नागपुर: नागपुर में पत्थर के कोयले की कथित चोरी और अवैध खरीद-बिक्री के मामले का क्राइम ब्रांच के भू-माफिया विरोधी पथक ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11.625 टन दगड़ी कोयला समेत करीब ₹2.30 लाख का माल जब्त किया है।
क्राइम ब्रांच के भू-माफिया विरोधी पथक को गुप्त सूचना मिली थी कि नवीन कामठी थाना क्षेत्र में कामठी रेलवे क्रॉसिंग से गादा गांव होते हुए आवंडी गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर गादा शिवार स्थित रहमत एक्झीन फर्म में कथित तौर पर अवैध रूप से दगड़ी कोयले की खरीद-बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 4 बजे पंचों की मौजूदगी में फर्म पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मौके पर बड़ी मात्रा में कोयले का स्टॉक मिला। पुलिस ने चार दोपहिया वाहनों के साथ पांच आरोपियों को भी हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आहाद फिरोज अहमद, दानिश मोहम्मद अकरम, चेतन रमेश शेंद्रे, कुणाल हरीश राऊत और अतुलसिंग अभिमन्युसिंग के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, चेतन, कुणाल और अतुलसिंग कथित तौर पर कन्हान खदान से कोयला चोरी कर उसे दानिश की फर्म में बिक्री के लिए लाते थे। इसके बाद कोयले की कथित अवैध खरीद-बिक्री के जरिए आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 11,625 किलो कोयला, ₹10,500 नकद, वजन कांटा, चार दोपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब ₹2.30 लाख बताई गई है।
इस मामले में नवीन कामठी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार पांचों आरोपियों और जब्त माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए नवीन कामठी पुलिस के हवाले किया गया है। मामले की जांच जारी है।




