Published On : Tue, Sep 22nd, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय, विदर्भ में फिर बरसेंगे मेघ

नागपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट; 24-25 सितंबर को चंद्रपुर, गढ़चिरौली और यवतमाल में भारी बारिश की चेतावनी
Advertisement

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम सक्रिय, विदर्भ में फिर बरसेंगे मेघ

नागपुर – मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते विदर्भ में बारिश का एक और दौर शुरू होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने नागपुर समेत विदर्भ के कई जिलों के लिए आगामी दिनों में बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को नागपुर, भंडारा, गोंदिया, वर्धा, यवतमाल, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों को यलो अलर्ट पर रखा गया है। वहीं 23 सितंबर को संपूर्ण विदर्भ में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 24 और 25 सितंबर को बारिश का जोर कुछ जिलों में और बढ़ने की संभावना है।

तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
24 और 25 सितंबर को यवतमाल, चंद्रपुर और गढ़चिरौली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। विदर्भ के शेष जिलों में इन दोनों दिनों के दौरान यलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने इस अवधि में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में सोमवार दोपहर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। यह सिस्टम अगले दो दिनों में पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से विदर्भ के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं।

Advertisement

इसके साथ ही उत्तर से दक्षिण दिशा के बीच मानसूनी द्रोणिका बनने से बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो रही हैं। यही वजह है कि 25 सितंबर तक विदर्भ के अनेक हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है। नागपुर में भी 25 सितंबर को बारिश की संभावना जताई गई है।

मानसून की विदाई से पहले एक और बारिश का दौर
विदर्भ में मानसून की वापसी का समय अब नजदीक आ रहा है। ऐसे में मौसम में बदलाव के बीच बारिश का यह दौर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की वापसी उत्तर-पश्चिम भारत से शुरू हो चुकी है और 21 सितंबर तक राजस्थान, हरियाणा तथा पंजाब के कुछ हिस्सों से मानसून पीछे हट चुका है।

मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो विदर्भ से मानसून की वापसी अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। हालांकि मानसून की विदाई से पहले नागपुर समेत विदर्भ के कुछ हिस्सों में एक-दो बार तेज या भारी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

10 अक्टूबर तक पूरे महाराष्ट्र से मानसून की विदाई की उम्मीद
महाराष्ट्र से मानसून की पूर्ण वापसी के लिए सामान्य तिथि 10 अक्टूबर मानी जाती है। इससे पहले बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के कारण विदर्भ में बारिश के कुछ और दौर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.