Published On : Thu, Jun 11th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

ऑटो में घूम रहा महिला चोरों का गैंग, बुजुर्ग महिला के डेढ़ लाख के गहने उड़ाए

सवारी बनकर बैठती हैं शातिर महिलाएं, मौका मिलते ही करती हैं हाथ की सफाई
Advertisement

नागपुर: शहर में एक बार फिर महिला चोरों के संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका ने पुलिस और नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में ऑटो रिक्शा में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला के बैग से डेढ़ लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। घटना के बाद अजनी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बूटीबोरी निवासी बेबी गणेश देहारे (57) अपनी बेटी से मिलने नागपुर आई थीं। उनकी बेटी मानेवाड़ा चौक क्षेत्र में रहती है। बेबी देहारे बस से छत्रपति चौक पहुंचीं और वहां से मानेवाड़ा जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा में सवार हुईं। ऑटो में पहले से चार महिलाएं बैठी हुई थीं।

Gold Rate
Aug 27 ,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 60,000 /-
Gold 22 KT ₹ 1,48,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,41,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

बैग की चेन खोलकर उड़ाया सोने का सामान

सफर के दौरान शातिर महिलाओं ने बातचीत और भीड़भाड़ का फायदा उठाते हुए बुजुर्ग महिला को उलझाए रखा। इसी बीच किसी महिला ने चुपके से उनके बैग की चेन खोलकर अंदर रखा छोटा पर्स निकाल लिया।

Advertisement

पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने की माला और अन्य कीमती आभूषण रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

मानेवाड़ा पहुंचने के बाद जब बेबी देहारे ने अपना बैग जांचा तो पर्स गायब मिला। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और अजनी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के रडार पर महिला चोरों का गिरोह

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह कोई साधारण चोरी नहीं, बल्कि एक संगठित महिला गिरोह की करतूत है।

पुलिस का मानना है कि गिरोह की सदस्याएं पहले से ऑटो या सार्वजनिक परिवहन में सवार रहती हैं और अकेले, बुजुर्ग या असावधान यात्रियों को निशाना बनाती हैं। बातचीत, धक्का-मुक्की या सीट बदलने जैसी गतिविधियों के दौरान वे चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार की कई घटनाएं पहले भी दर्ज हो चुकी हैं। कुछ वर्ष पहले ऐसे गिरोह मोर भवन और मध्यवर्ती बस स्टैंड के आसपास सक्रिय थे। अब आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने अपना तरीका बदलकर ऑटो रिक्शा को वारदात का नया माध्यम बना लिया है।

नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

पुलिस ने महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी यात्रियों से सार्वजनिक परिवहन में सफर के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने सलाह दी है कि बैग, पर्स और कीमती सामान को हमेशा सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

फिलहाल अजनी पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला चोरों के गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges