नागपुर: नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने वाठोडा थाना क्षेत्र में अवैध जुए के अड्डे पर छापा मारकर नौ जुआरियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, कार, बोलेरो, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और ताश के पत्तों सहित कुल 22.37 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाठोडा थाना क्षेत्र में कुछ लोग पैसों का दांव लगाकर अवैध रूप से ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच यूनिट-5 की टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां नौ आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निलेश चौहान, अंकुश खड़की, प्रभाकर भगत, अमित खोबरागड़े, शुभम मस्करे, स्वप्निल बिसेन, विजय पाटिल, भगवान धोटे और स्वप्निल मेश्राम के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 हजार रुपये नकद, एक होंडा सिटी कार, एक महिंद्रा बोलेरो, पांच दोपहिया वाहन, नौ एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा जुए में इस्तेमाल ताश के पत्ते जब्त किए। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 22.37 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से अवैध रूप से जुआ खेल रहे थे। पंचों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आगे की जांच वाठोडा पुलिस कर रही है।
पुलिस ने कहा कि शहर में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।




