
नागपुर: वाठोड़ा थाना क्षेत्र में विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष के दो अन्य लोगों ने महिला से मायके से ₹5 लाख रुपये लाने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना करने का आरोप है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने तीन बार ‘तलाक’ कहकर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय विवाहिता की शादी आरोपी आशीक छवारे के साथ रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान महिला के पिता ने फ्रिज, अलमारी, वॉशिंग मशीन, ड्रेसिंग टेबल सहित अन्य घरेलू सामान दिया था।
शिकायत के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद पति आशीक छवारे, देवर मोहम्मद तौशीफ छवारे और सास शामसुनी निसा ने कथित तौर पर ₹5 लाख दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि पति ने उसे छोड़कर दूसरी लड़की से शादी करने की धमकी भी दी। आरोप है कि 2 जुलाई 2026 को पति ने गाली-गलौज करते हुए तीन बार ‘तलाक’ कहा और उसके भाई को बुलाकर उसे घर से बाहर निकाल दिया।
महिला की शिकायत को भरोसा सेल भेजा गया था। वहां से प्राप्त पत्र के आधार पर वाठोड़ा पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।




