
वर्धा: महाराष्ट्र में बच्चों के प्रिय त्योहार तान्हा पोळा के मौके पर वर्धा जिले के विरुळ गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। त्योहार की खुशियों के बीच एक बेटे पर अपने ही पिता की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विरुळ निवासी परमेश्वर चौधरी की उनके बेटे ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
तान्हा पोळा के दिन विवाद ने लिया उग्र रूप
बताया जा रहा है कि त्योहार के दिन किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में आए बेटे ने परमेश्वर चौधरी पर लाठी-डंडे और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल परमेश्वर जमीन पर गिर पड़े।
परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही विरुळ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए वर्धा जिला अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस की कार्रवाई के बाद हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
तान्हा पोळा जैसे पारंपरिक त्योहार के दिन हुई इस घटना से विरुळ गांव में शोक का माहौल है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
वर्धा से सतीश काळे की रिपोर्ट




