
नागपुर: हिंगना क्षेत्र के वानाडोंगरी स्थित अष्टविनायक एम्पायर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फ्लैट के किचन में जहरीला सांप दिखाई दिया। पानी पीने के लिए किचन में पहुंचे परिवार के सदस्य की नजर सांप पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही सर्पमित्र ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के मुताबिक, अष्टविनायक एम्पायर की दूसरी मंजिल स्थित फ्लैट नंबर 201 में सरफराज शेख अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे काम पर जाने से पहले सरफराज पानी पीने के लिए किचन में पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर सांप पर पड़ी और परिवार में दहशत फैल गई।
सरफराज ने तुरंत इसकी सूचना सर्पमित्र आकाश मेश्राम को दी। मौके पर पहुंचे आकाश ने किचन में सांप की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि सांप फ्रिज के पीछे कंप्रेसर वाले हिस्से में छिपा हुआ था।
सर्पमित्र ने सावधानीपूर्वक सांप को बाहर निकाला और उसका रेस्क्यू किया। सांप की पहचान कोबरा प्रजाति के रूप में बताई गई है। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।
सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।




