Published On : Fri, Jul 17th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

Video गोंदिया: कैद में पब्लिक, खुले में भालू ..गणेश नगर से गोविंदपुर तक खौफ की लाइव धमाचौकड़ी

पकड़ कर भी छूटा: आधी रात को हुआ रेस्क्यू, सुबह फिर बाघ कॉलोनी के क्वार्टर में घुसा , वन विभाग को दिया तगड़ा चकमा
Advertisement

गोंदिया। आधी रात का सन्नाटा… और अचानक सामने आ गया साक्षात यमराज! कुछ ऐसा ही खौफनाक मंजर देखने को मिला बीती रात गोंदिया शहर के गणेश नगर और गौरी नगर के रिहायशी इलाके में, जहां एक भालू ने सड़कों पर कदम क्या रखा, पूरे एरिया की सांसें हलक में अटक गईं।
​दरअसल, पांगड़ी के जंगल से मोक्षधाम डंपिंग यार्ड होते हुए आए इस खतरनाक जंगली मेहमान ने साकेत पब्लिक स्कूल रोड से लेकर गौरी नगर इलाके में ऐसी धमाचौकड़ी मचाई कि लोग खौफ के मारे अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।

दहशत की वो काली रात ,दिखा भीमकाय भालू

Gold Rate
Aug 27 ,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 60,000 /-
Gold 22 KT ₹ 1,48,500 /-
Silver/Kg ₹ 2,41,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 16 जुलाई गुरुवार रात करीब 9:30 से 9:45 बजे का वक्त था। गौरीनगर इलाके का रहने वाला एक युवक मच्छर मारने की अगरबत्ती का पैकेट लेने दुकान की ओर निकला ही था, तभी गलियों में आवारा कुत्तों के भयानक तरीके से भौंकने की आवाजें आने लगीं। इसी बीच कुछ दूरी पर उसे सड़क किनारे एक विशालकाय भालू बैठा दिखाई दिया, जिसे देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। एक भीमकाय, काले रंग का भालू रिहायशी सड़कों पर खुलेआम घूम रहा था। युवक उल्टे पैर भागा और शोर मचाकर पूरे मोहल्ले वालों को इसकी तुरंत सूचना दी। घटना की जानकारी तत्काल इलाके के पार्षद अनुज जायसवाल को दी गई, जिन्होंने बिना वक्त गंवाए वन विभाग को सूचित किया। इसी बीच, सड़क पर भालू को देखने के लिए देखते ही देखते तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई। खौफ के इस माहौल के बीच कुछ मनचले युवक अपनी जान जोखिम में डालकर मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल हो गए , भालू घने अंधेरे में कभी इधर भागता तो कभी उधर छिपता रहा।

वन विभाग की एंट्री और हाई-वोल्टेज ड्रामा

Advertisement

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भारी दलबल और रेस्क्यू व्हीकल के साथ मौके पर पहुंची। लेकिन इस आक्रामक भालू को काबू करना इतना आसान नहीं था। भारी बारिश के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। भालू ने कभी दीवारें फांदीं तो कभी बंद क्वार्टर की खिड़कियों से छलांग लगाई। जैसे ही वन कर्मियों ने सड़कों पर बैरिकेटिंग लगाकर उसे घेरने की कोशिश की, भालू उन्हें लगातार चकमा देता रहा।
वन विभाग की टीम ने हार नहीं मानी और देर रात 2:30 बजे तक चले बेहद पेचीदा रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार उसे काबू में कर लिया (पकड़ लिया) और नजदीकी जंगल में छोड़ दिया गया।

ट्विस्ट: सुबह होते-होते फिर शहर में भालू की एंट्री

​लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई! 17 जुलाई शुक्रवार सुबह होते-होते शहर के छोटा गोंदिया इलाके के गोविंदपुर एरिया स्थित बाघ कॉलोनी के एक खाली पड़े क्वार्टर में फिर से एक भालू घुसता हुआ दिखाई दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय नागरिकों को सुबह 6 से 7 बजे के बीच जब दोबारा भालू चहलकदमी करता दिखा, तो इलाके में एक बार फिर हड़कंप मच गया।
​आनंद-फानन में दोबारा फॉरेस्ट विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग की टीम जब तक मोर्चा संभालती, भालू चकमा देता हुआ आखिरकार कलेक्टर ऑफिस के पीछे पांगोली नदी के जंगल की ओर भागने में कामयाब हो गया। बहरहाल, वन विभाग की टीम रिहायशी इलाके से गोंदिया ग्रामीण इलाके के जंगल परिक्षेत्र की ओर भागे भालू की सरगर्मी से तलाश में जुटी है, लेकिन फिलहाल उनके हाथ पूरी तरह खाली हैं।

​कचरे की गंध, डंपिंग यार्ड बना मुख्य विलेन

बता दें कि पांगड़ी का घना जंगल इलाका शहर से बिल्कुल सटा हुआ है। भालू को सड़े-गले कचरे और भोजन की गंध अपनी ओर बेहद आकर्षित करती है। मोक्षधाम से सटे इसी कचरा डंपिंग यार्ड वाले रास्ते से होते हुए पहले भी भालू गणेश नगर जैसे घने रिहायशी इलाके में दो मर्तबा प्रवेश कर चुका है। इस बार खौफजदा नागरिकों ने अब सीधे तौर पर नगर परिषद से मांग की है कि इंसानी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस विवादित डंपिंग यार्ड को तत्काल प्रभाव से यहाँ से हटाया जाए।

रवि आर्य

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.