Published On : Wed, Feb 12th, 2020

ट्यूशन क्लास पार्किंग पर अवैध निर्माण

Advertisement

नागपुर: मंगलवार को नेहरूनगर जोन अंतर्गत संचालित हो रहे ट्यूशन क्लास के सामने उस समय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जब मनपा के प्रवर्तन विभाग का दस्ता कार्रवाई के लिए यहां दलबल के साथ पहुंच गया. बताया जाता है कि ओमनगर में कमलेश सोनी द्वारा मेसर्स सोनी ट्यूशन क्लास का संचालन किया जाता है. जहां पर पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से कमरा बनाया गया था. इस अवैध निर्माण को निकालने के लिए जोनल कार्यालय की ओर से 7 नवंबर 2019 को संचालक को नोटिस भी जारी किया गया था. नोटिस के बावजूद स्वयं अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार को दस्ते ने कार्रवाई को अंजाम दिया. बुलडोजर की मदद से न केवल दीवार को तोड़ा गया, बल्कि अस्थायी रूप से निर्मित कमरे को भी निष्कासित किया गया.

6 रिक्शा जब्त, 27 अतिक्रमण साफ
इसके पूर्व दस्ते की ओर से नेहरूनगर जोन अंतर्गत छोटा ताजबाग से महाकालकर सभागृह होते हुए बीड़ीपेठ झोपड़पट्टी और बालीवुड सेंटर पाइंट तक कार्रवाई को अंजाम दिया गया. सड़क पर ही अवैध रूप से रखे गए 6 रिक्शा जब्त किए गए. साथ ही सड़कों के दोनों ओर बैठे 27 अतिक्रमणों का सफाया किया गया, जिसके बाद दस्ता वाठोड़ा पहुंच गया. वाठोड़ा में विनोद बांगड़े नामक सम्पत्तिधारक की ओर से तार का कम्पाउंड कर सड़क को बंद किया गया था. दस्ते ने पहुंचते ही इसे साफ कर यातायात के लिए सड़क खुली कर दी.

यशवंत स्टेडियम चौपाटी में अफरातफरी
मंगलवार को यशवंत स्टेडियम के सामने की चौपाटी में उस समय कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल खड़ा हो गया, जब यहां के खोमचे वालों को प्रवर्तन विभाग का दस्ता आने की भनक लग गई. भनक मात्र से खोमचे वाले हाथठेले लेकर गायब होते दिखाई दिए. धरमपेठ जोन अंतर्गत यशवंत स्टेडियम से शुरू की गई कार्रवाई के बाद दस्ता कैनाल रोड होते हुए झांसी रानी चौक और अलंकार टाकीज चौक होते हुए महाराजबाग चौक तक पहुंचा. मार्ग के दोनों ओर फुटपाथ और सड़कों के किनारे के 38 अतिक्रमणों का सफाया किया गया.

Advertisement
Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.