Published On : Mon, Sep 7th, 2026
By Nagpur Today Nagpur News

सेंधमारी और वाहन चोरी के तीन मामलों का पर्दाफाश

कलमना पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, 2.39 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद
Advertisement

सेंधमारी और वाहन चोरी के तीन मामलों का पर्दाफाश

नागपुर टुडे – कलमना पुलिस के जांच दल ने सेंधमारी और वाहन चोरी के तीन मामलों का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा दो दोपहिया वाहन सहित कुल 2 लाख 39 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और विश्वसनीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

रिश्तेदार को देखने गया परिवार, पीछे से घर में सेंधमारी
कलमना थाने में दर्ज सेंधमारी के मामले में शिकायतकर्ता रेखा अनिल कहार (35), निवासी विजयनगर, प्लॉट नंबर 10, रानी दुर्गावती सोसायटी, कलमना, अपने बीमार रिश्तेदार को देखने परिवार के साथ देवलापार गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके बंद मकान को निशाना बनाया।

Gold Rate
Sept 07 ,2026 - Time 10.30Hrs
Gold 24 KT ₹ 1 53,000 /-
Gold 22 KT ₹ 1,41,900 /-
Silver/Kg ₹ 2,33,500/-
Platinum ₹ 88,000/-
Recommended rate for Nagpur sarafa Making charges minimum 13% and above

11 जून 2026 को परिवार के घर लौटने पर उन्हें आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली। इसके बाद कलमना पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 582/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(अ) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच दल ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 60 से 75 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर सागर उर्फ भांजा अशोक वर्मा (23) को 3 सितंबर 2026 को कलमना थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सेंधमारी की वारदात का खुलासा होने के बाद उसके कब्जे से करीब 1 लाख 64 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

गार्डन के बाहर खड़ी बाइक पर चोर की नजर
वाहन चोरी के एक अन्य मामले में शिकायतकर्ता तुषार विनोद धमगाये (19), निवासी मिनीमातानगर, गली नंबर 20, कलमना ने अपनी पैशन प्रो बाइक क्रमांक एमएच-49 बीडी-2743 लता मंगेशकर गार्डन के बाहर खड़ी की थी।

13 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे खड़ी की गई करीब 50 हजार रुपये कीमत की बाइक को अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया। शिकायत मिलने के बाद कलमना पुलिस ने अपराध क्रमांक 637/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर के बाहर से एक्टिवा भी चोरी
वाहन चोरी का दूसरा मामला भी कलमना थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता सयद इमरान ताहिर अली (38), निवासी ठाकरे भवन, कानमा नगर, कलमना ने अपनी एक्टिवा क्रमांक एमएच-49 एम-7289 को 15 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे घर के बाहर लॉक कर खड़ा किया था।

करीब 25 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा कुछ देर बाद वहां से गायब मिली। अज्ञात आरोपी द्वारा वाहन चोरी किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 665/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग
सेंधमारी और दोनों वाहन चोरी के मामलों की जांच के दौरान कलमना पुलिस ने इलाके में लगे करीब 60 से 75 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बारीकी से जांच की। पुलिस ने संदिग्धों की आवाजाही, उनके हुलिए और गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके अलावा मुखबिरों से भी लगातार जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सेंधमारी के आरोपी सागर उर्फ भांजा अशोक वर्मा को 3 सितंबर को गिरफ्तार किया। वहीं वाहन चोरी के मामलों में शामिल आरोपी विकास उर्फ अंगद लक्ष्मण वर्मा (22), निवासी विजयनगर, दुर्गा चौक, कलमना को 6 सितंबर 2026 को कलमना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

आभूषण और दोनों चोरी के वाहन बरामद
पुलिस ने सेंधमारी के आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख 64 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। बरामद माल में करीब 5 ग्राम वजन का सोने का पदक, करीब 2.960 ग्राम वजन के सोने के टॉप्स, सोने का पदक, सोने के मनी, सोने के गेहूं मनी सहित करीब 200 ग्राम वजन की चांदी की पायल और चांदी की चेन शामिल हैं।

इसी तरह वाहन चोरी के आरोपी के कब्जे से करीब 75 हजार रुपये कीमत के दो चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें करीब 25 हजार रुपये कीमत की ग्रे रंग की एक्टिवा क्रमांक एमएच-49 एम-7289 और करीब 50 हजार रुपये कीमत की काले रंग की पैशन एक्स प्रो बाइक क्रमांक एमएच-49 बीडी-2743 शामिल है।

इस प्रकार पुलिस ने सेंधमारी और वाहन चोरी के तीनों मामलों में कुल 2 लाख 39 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त वसंत परदेशी, पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहित ओव्हाळ के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में कलमना के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण काळे, पुलिस निरीक्षक अपराध करीम पठान, जांच दल प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक अजय जाधव, पुलिस हवलदार रविकुमार शाहू, प्रदीप पवार तथा पुलिसकर्मी मंगेश लोही, संतोष पांडे, अनिल जाधव और प्रफुल गोहोकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges

Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.