
नागपुर: अमरावती रोड स्थित फुटाला तालाब के समीप एलआईटी विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों को एक मानव भ्रूण मिला। विश्वविद्यालय जैसे संवेदनशील परिसर में भ्रूण मिलने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और विभिन्न तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान मजदूर खुदाई और अन्य कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पास जाकर देखने पर वह मानव भ्रूण जैसा दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत अंबाझरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
अंबाझरी पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनोद गोडबोले के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण और आगे की जांच के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भ्रूण लगभग तीन माह का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी वास्तविक आयु और अन्य तथ्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएंगे।
कई सवालों के घेरे में घटना
विश्वविद्यालय परिसर में भ्रूण मिलने की इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भ्रूण वहां तक कैसे पहुंचा? क्या किसी ने इसे जानबूझकर परिसर में फेंका या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस परिसर में कार्यरत मजदूरों और उनके परिवारों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मामले से जुड़े किसी भी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी पुलिस
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अब विश्वविद्यालय परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच करेगी। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने आ सकती है, जिससे मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल अंबाझरी पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम एवं चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर सहित पूरे शहर में चिंता और चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।
पैसों के लिए चोरी, पुलिस से बचने बदलता रहा ठिकाना! #NagpurNews #Crime...
रिवर्स का कहर! Polo कार ने बाइक को मारी टक्कर #NagpurNews #Accident...
सीताबर्डी में सिरफिरे युवकों का उत्पात! #NagpurNews #Crime #Sitabuldi #Sitabuldi #CCTVFootage #news
MPSC ग्रुप-C भर्ती में PESA विकल्प नहीं, छात्र नाराज
खामगांव में किसान सभा का जोरदार ‘जेल भरो’ आंदोलन
अमरावती में परियोजनाग्रस्त किसानों का सांकेतिक सत्याग्रह शुरू




