
नागपुर – शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक प्राध्यापिका को अपना शिकार बनाया। फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप और आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे अलग-अलग किस्तों में 74 लाख 36 हजार रुपये ऐंठ लिए। निवेश की रकम पर मुनाफा तो दूर, जब मूल रकम भी वापस नहीं मिली, तब प्राध्यापिका को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इस मामले में साइबर पुलिस ने मीरा कपूर, इशिता सिंह समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी वेबसाइट के जरिए बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, ओल्ड नंदनवन निवासी पुष्पा रामचंद्र धोटे (54) हिंगना स्थित एक कॉलेज में प्राध्यापिका हैं। शेयर बाजार में निवेश के विकल्प तलाशते समय उन्हें ‘आफरीनदिया.कॉम’ नामक वेबसाइट दिखाई दी। वेबसाइट पर क्लिक करने के बाद एक वेबपेज खुला और कुछ समय बाद उन्हें ‘स्ट्रेटजी शेयरिंग’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया गया। इसी ग्रुप के माध्यम से साइबर ठगों ने उन्हें अपने जाल में फंसाना शुरू किया।
आकर्षक रिटर्न दिखाकर जीता भरोसा
व्हाट्सएप ग्रुप की एडमिन मीरा कपूर ने प्राध्यापिका को अलग-अलग निवेश पोर्टफोलियो भेजे। इसमें शेयर बाजार में निवेश करने पर भारी मुनाफा मिलने का दावा किया गया। शुरुआत में निवेश संबंधी जानकारी और आकर्षक रिटर्न का भरोसा देकर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें निवेश का करार भेजा और ‘एमस्टॉक.आफरीनदिया.कॉम’ वेबसाइट पर उनका खाता खुलवाया।
अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई रकम
इस दौरान इशिता सिंह नामक महिला ने निवेश की रकम जमा कराने के लिए अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी उपलब्ध कराई। आरोपियों के झांसे में आकर पुष्पा धोटे ने सितंबर से अक्टूबर 2026 के बीच यूपीआई और आरटीजीएस के माध्यम से कई किस्तों में बड़ी रकम ट्रांसफर की। इस तरह कुल 74 लाख 36 हजार रुपये आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए गए।
न मुनाफा मिला, न मूल रकम वापस
लाखों रुपये निवेश करने के बावजूद प्राध्यापिका को वादे के मुताबिक कोई मुनाफा नहीं मिला। जब उन्होंने अपनी रकम वापस लेने का प्रयास किया, तब भी उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्हें समझ आया कि शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर उनके साथ साइबर ठगी की गई है।
आखिरकार पुष्पा धोटे ने साइबर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सोमवार को साइबर पुलिस ने मीरा कपूर, इशिता सिंह समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस अब फर्जी वेबसाइट, व्हाट्सएप ग्रुप और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनकी जांच कर रही है।



