
नागपुर: सोनेगांव तालाब में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अजय कुवरलाल कटरे के रूप में हुई है। अजय सोनेगांव बस्ती में अपने परिवार के साथ रहता था और एक होटल में शेफ के तौर पर काम करता था। वह गुरुवार सुबह से लापता था।
तालाब में तैरता मिला शव
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सोनेगांव तालाब के पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान अजय कटरे के रूप में हुई।
गुरुवार सुबह से था लापता
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद अजय घर पहुंचा था। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह जब वह कमरे में नहीं मिला, तो परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की।
काफी तलाश के बाद भी अजय का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
मौत की वजह की जांच जारी
शुक्रवार सुबह तालाब में अजय का शव मिलने की खबर से परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल अजय की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।




