
नागपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर INDIA अलायंस ने नागपुर में आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। नागपुर प्रेस क्लब में INDIA अलायंस में शामिल घटक दलों की संयुक्त पत्रकार परिषद आयोजित की गई। इस दौरान नागपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे पाटिल ने प्रस्तावित आंदोलन की जानकारी दी।
8 अक्टूबर को निकलेगा विशाल मोर्चा
प्रफुल्ल गुडधे पाटिल ने बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में INDIA अलायंस की ओर से SIR के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। इसी कड़ी में नागपुर में गुरुवार, 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वेरायटी चौक से कलेक्टर कार्यालय तक विशाल मोर्चा निकाला जाएगा।
इस मोर्चे में INDIA अलायंस के विभिन्न घटक दलों के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
SIR को लेकर विपक्ष ने उठाए सवाल
INDIA अलायंस के नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के जरिए मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर बदलाव किए जा रहे हैं। विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।
नागपुर में प्रस्तावित मोर्चे के जरिए INDIA अलायंस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएगा।



