
File Pic
नागपुर: शहर में क्लोरीन गैस लीकेज का एक और मामला सामने आया है। बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन की हद में आने वाले शंकरपुर स्थित MJP प्लांट में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया।
कुछ ही दिनों के भीतर क्लोरीन गैस लीकेज की यह दूसरी घटना है। इससे पहले गोधनी स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस रिसाव की घटना सामने आई थी, जिसके बाद प्लांट्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक रितेश आहेर के मुताबिक, शंकरपुर MJP प्लांट में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ था, लेकिन घटना में किसी के घायल होने या किसी अन्य नुकसान की जानकारी नहीं है। पुलिस के अनुसार, लीकेज को ठीक कर दिया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
हालांकि, लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्लांट्स में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोधनी के बाद अब शंकरपुर में क्लोरीन गैस लीकेज ने यह सवाल फिर सामने ला दिया है कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट्स में गैस रिसाव रोकने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है।
एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं के बीच प्रशासन की तैयारियों और संबंधित प्लांट्स में सुरक्षा मानकों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।



