
सावनेर: खापा पुलिस थाना क्षेत्र के कोच्छि डैम परिसर में बैल को नहलाने गए किसान की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के अगले दिन 10 सितंबर को उसका शव कन्हान नदी के किनारे बावनगांव के पास बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे रिसाला निवासी दिनेश हिरोजी उइके (36) अपने बैल को नहलाने के लिए कोच्छि डैम क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे नदी के पानी में गिर गए और डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही खापा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत काले तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण पहले दिन शव नहीं मिल सका।
दूसरे दिन नदी किनारे मिला शव
इसके बाद 10 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे कन्हान नदी के किनारे बसे बावनगांव के पास नदी किनारे एक पत्थर में फंसा हुआ शव दिखाई दिया। पुलिस निरीक्षक चंद्रकांत काले ने इसकी जानकारी समाजसेवी हितेश बनसोड़ को दी।
इसके बाद हितज्योती आधार फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। समाजसेवी हितेश बनसोड़ की मदद से शव को सावनेर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सा अधिकारियों ने जांच के बाद किसान को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खापा पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
मृतक: दिनेश हिरोजी उइके, उम्र 36 वर्ष, निवासी रिसाला, तहसील सावनेर, जिला नागपुर।
संवाददाता: किशोर ढुंढेले, सावनेर




