सावनेर: केलवद पुलिस थाना क्षेत्र के जैतपुर गांव में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क की खराब और अधूरी स्थिति को हादसे की वजह बताते हुए करीब तीन घंटे तक शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विकास कांताराम घुगल (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि विकास सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल क्रमांक MH 31 V 5763 से जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई और हादसे में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही हितज्योति आधार फाउंडेशन के हितेश बंसोड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की सूचना केलवद पुलिस थाने के प्रभारी आशीष सिंह ठाकुर को दी।
डेढ़ किलोमीटर सड़क की हालत खराब
ग्रामीणों के मुताबिक, जैतपुर गांव को हाईवे से जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क पिछले कई वर्षों से खराब स्थिति में है। कुछ दिन पहले सड़क पर काम शुरू किया गया था, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधूरी और खराब सड़क के कारण यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
विकास की मौत के बाद ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क का काम अधूरा क्यों छोड़ा गया, निर्माण कार्य में देरी क्यों हो रही है और सड़क की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही क्यों बरती जा रही है, जैसे सवाल उठाए। ग्रामीणों ने स्थानीय ग्राम पंचायत की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
शव सड़क पर रखकर जताया विरोध
ग्रामीणों ने सड़क का काम तत्काल पूरा कराने और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग को लेकर शव सड़क पर रख दिया। उनका कहना था कि प्रशासन जब तक मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण को लेकर ठोस आश्वासन नहीं देता, तब तक शव नहीं हटाया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि 22 वर्षीय युवक की जान चली गई है, अब प्रशासन किसी और हादसे का इंतजार न करे। संबंधित विभाग को तत्काल सड़क का काम पूरा कराना चाहिए और निर्माण कार्य में देरी के लिए जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
सूचना मिलने पर उपविभागीय पुलिस अधिकारी सागर खर्डे और केलवद थाना प्रभारी आशीष सिंह ठाकुर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा और सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग रखी।
करीब तीन घंटे के विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों के समझाने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सावनेर भेजा गया।
मामले की आगे की जांच केलवद पुलिस द्वारा की जा रही है।
संवाददाता : किशोर ढुंढेले, सावनेर





