
नागपुर: समृद्धी महामार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसा धामणगांव रेलवे के पास तळणी इलाके में चैनल नंबर 97 के करीब हुआ। शेगांव से दुर्गादेवी की मूर्ति लेकर वर्धा जा रही बोलेरो पिकअप को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालुओं का समूह शेगांव से दुर्गादेवी की मूर्ति लेकर वर्धा की ओर जा रहा था। बोलेरो पिकअप के पीछे एक ट्रॉली भी जुड़ी हुई थी, जिसमें करीब 20 से 23 श्रद्धालु सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक CG-07-CG-8855 ने बोलेरो पिकअप MH-05-BH-5793 को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर महामार्ग पर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि 5 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल धामणगांव रेलवे ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए सावंगी मेघे और सेवाग्राम के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम सहित पुलिस और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भी स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मामले की आगे की जांच मंगरूळ दस्तगीर पुलिस द्वारा की जा रही है।



