
नागपुर – इमामवाड़ा थाना क्षेत्र के ऊंटखाना स्थित दहीपुरा ले-आउट में चोरों ने एक सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर करीब 14 लाख 15 हजार 500 रुपए का माल लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान मकान मालिक अपने बेटे और बहू के साथ बल्लारशाह गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार, प्लॉट नंबर 129 निवासी मिलिंद नामदेवराव कांबले (65) सेवानिवृत्त मुख्याध्यापक हैं। 12 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे वे मकान पर ताला लगाकर अपने बेटे और बहू के साथ चंद्रपुर जिले के बल्लारशाह स्थित समधी के घर गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके मकान को निशाना बनाया।
12 सितंबर सुबह 11 बजे से 13 सितंबर सुबह करीब 7.35 बजे के बीच आरोपी ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम में रखी लोहे की आलमारी को खंगाला। आलमारी में रखी 75 हजार रुपए नकद, करीब 256.5 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण तथा चांदी के गहनों समेत कुल 14 लाख 15 हजार 500 रुपए का माल चोरी कर लिया गया।
मकान में काम करने वाली नौकरानी से चोरी की जानकारी मिलने के बाद कांबले वापस घर पहुंचे। घर की हालत देखने के बाद उन्होंने तत्काल इमामवाड़ा पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की तलाश में जुटी है।
बिजली का काम पड़ा भारी, करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत
नागपुर टुडे – नागपुर. लकड़गंज थाना क्षेत्र के गरुड़खांब इलाके में बिजली का काम करते समय करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा 13 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, अमन कांताप्रसाद सोनी (25), निवासी वनराई नगर, नागपुर, गरुड़खांब निवासी संगीता तलवारे के घर में इलेक्ट्रिक का काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक उसे जोरदार बिजली का झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
हादसे के बाद घर में मौजूद लोगों ने तत्काल अमन को उपचार के लिए रहाटे अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लकड़गंज पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक को करंट कैसे लगा और हादसे के समय वह किस प्रकार का विद्युत कार्य कर रहा था, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है।




