
नागपुर: प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले हुक्का पार्लरों के खिलाफ नागपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सीताबर्डी थाना क्षेत्र में देर रात क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने लक्ष्मी भवन चौक स्थित ‘सेकंड फ्लोअर कैफे’ पर छापा मारकर 23 ग्राहकों को हुक्का पीते हुए पकड़ा।
पुलिस के पहुंचने पर पार्लर को बाहर से ताला लगाकर कार्रवाई रोकने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कार्रवाई शुरू की।
23 ग्राहक हुक्का पीते मिले
यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच यूनिट-2, यूनिट-3 और एनडीपीएस टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कैफे के अंदर 23 ग्राहक हुक्का पीते हुए मिले।
जांच के दौरान प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त फ्लेवर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री और प्रतिबंधित तंबाकू जब्त किया।
19 हुक्का पॉट समेत 2.02 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 19 हुक्का पॉट, 10 पाइप, 20 चिलम और प्रतिबंधित तंबाकू के पैकेट जब्त किए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 2 लाख 2 हजार रुपये बताई गई है।
संचालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पार्लर संचालक सनी विकास बोरकर, सार्थक बाबाराव पखाले और हर्ष नरेश दुर्वे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने हुक्का पी रहे 23 ग्राहकों और जगह के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की है। मामले में सीताबर्डी पुलिस थाने में कोटपा एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
आगे की कार्रवाई के लिए गिरफ्तार आरोपियों और जब्त माल को सीताबर्डी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
कार्रवाई रोकने के लिए लगाया था बाहर से ताला
पुलिस के मुताबिक, टीम के पहुंचते ही पार्लर संचालक ने कार्रवाई रोकने के उद्देश्य से बाहर से दरवाजे पर ताला लगा दिया था। हालांकि, पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और हुक्का पार्लर में चल रही गतिविधियों का खुलासा किया।
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई के बाद प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का इस्तेमाल कर संचालित होने वाले हुक्का पार्लरों में हड़कंप मच गया है।




