नागपुर:
कुछ दिन पहले मंगलुरु किचन के सांभर में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया था। अब शहर के प्रताप नगर स्थित उत्तर दक्षिण नैवेद्यम रेस्टोरेंट में परोसे गए भोजन में कथित तौर पर ब्लेड मिलने का आरोप लगाया गया है। दोनों घटनाओं ने शहर में रेस्टोरेंट की फूड सेफ्टी और हाइजीन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, एक परिवार अपने परिजनों के साथ रेस्टोरेंट में भोजन करने पहुंचा था। भोजन के दौरान एक महिला के मुंह में अचानक कोई नुकीली वस्तु फंस गई। परिवार का दावा है कि बाहर निकालने पर वह सेलोटेप कटर का ब्लेड था।
इसके बाद पीड़ित पक्ष ने बजाज नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल, उत्तर दक्षिण नैवेद्यम रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।







