नागपुर: पुलिस की वर्दी पहनकर देश और समाज की सेवा करने का सपना देख रही युवतियों को शुक्रवार सुबह एक शर्मनाक घटना का सामना करना पड़ा। शहर के तेलंगखेड़ी क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही युवतियों के साथ कुछ कार सवार युवकों द्वारा छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवतियों में रोष और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में युवतियां हनुमान मंदिर रोड और आसपास के क्षेत्र में पुलिस भर्ती की तैयारी के तहत दौड़ और शारीरिक फिटनेस का अभ्यास कर रही थीं। इसी दौरान एक लाल रंग की कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और अभ्यास कर रही युवतियों पर फब्तियां कसने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां कीं और अभद्र इशारे करते हुए माहौल को असहज बना दिया। जब कुछ युवतियों ने साहस दिखाते हुए उनका विरोध किया और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
युवतियों में नाराजगी, सुरक्षा को लेकर चिंता
घटना के बाद पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही युवतियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि वे रोजाना घंटों कड़ी मेहनत कर अपने भविष्य को संवारने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की घटनाएं उनके आत्मविश्वास और मनोबल को प्रभावित करती हैं।
युवतियों ने कहा कि यदि प्रशिक्षण और अभ्यास के दौरान भी उन्हें असुरक्षित महसूस करना पड़े, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
गिट्टीखदान थाने में शिकायत दर्ज
पीड़ित युवतियों की ओर से गिट्टीखदान पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के साथ आरोपियों की कार का नंबर एमएच-31-एफआर-2558 भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया है, जिससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब बड़ी संख्या में युवतियां पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा बलों की भर्ती के लिए सुबह-सुबह मैदानों और सड़कों पर अभ्यास करती हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ होने वाली इस प्रकार की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जो युवतियां भविष्य में खाकी पहनकर समाज की सुरक्षा का दायित्व निभाने वाली हैं, यदि वही आज खुलेआम छेड़छाड़ का शिकार हो रही हैं, तो यह समाज और व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय है।
महिला संगठनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद विभिन्न महिला संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके।
महिला संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार करेंगे। वहीं नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय करने की मांग की है।
FDA पर ज्वाला धोटे का बड़ा आरोप! “होटल वालों से होती है...
नागपुर में NCP का तिरंगा मोर्चा! #NagpurNews #NCP#TirangaMorcha #maharashtranews
मुंबई में किसान आंदोलन! ‘वर्षा’ की नीलामी की मांग #Mumbai #Protest #MaharashtraNews...
12 करोड़ का फायर सिस्टम फिर भी बंद! #WardhaNews #WardhaHospital #FireSafety #MaharashtraNews
अमित ठाकरे बोले- सेल्फी नहीं, अपनी समस्या बताओ! #NagpurNews #MNS #StudentIssues #MaharashtraNews
LIVE | NEWS BULLETIN NAGPUR TODAY





