
नागपुर: पाचपावली थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर टेका में सड़क पर कार खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। गाड़ी हटाने को कहने पर एक युवक पर रॉड से हमला कर घायल करने का आरोप है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर की शाम शेख अरमान शेख नासिर अपनी एक्टिवा से कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिद्धार्थ नगर टेका में वैभव खापर्डे और श्रीधर खापर्डे के घर के सामने सड़क पर एक कार खड़ी थी।
शिकायत के मुताबिक, शेख अरमान ने कार हटाने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और मारपीट हुई। इसी दौरान वैभव खापर्डे ने कथित तौर पर रॉड से शेख अरमान के दाहिने हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के दौरान शेख अरमान के साथ मौजूद अमन अब्दुल कलीम के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। साथ ही उसकी शाइन बाइक में तोड़फोड़ कर करीब 6 हजार रुपये का नुकसान पहुंचाने की शिकायत की गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के अनुसार, शेख अरमान और उसके साथी ने कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद पाचपावली पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
सड़क पर वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में बदल गया है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।




