Published On : Fri, Jul 6th, 2018

पाकिस्तान: पूर्व PM नवाज शरीफ को 10 साल और उनकी बेटी मरियम को 7 साल जेल की सजा

Advertisement

पाकिस्तान की भ्रष्टाचार विरोधी एक अदालत ने भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को 10 साल और उनकी बेटी मरियम शरीफ को सात साल जेल की सजा सुनाई है.

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में होने वाले चुनाव से पहले नवाज परिवार को बड़ा झटका लगा है. आज पाकिस्तान की एक अदालत ने पनामागेट से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को 10 साल और उनकी बेटी मरियम शरीफ को सात साल जेल की सजा सुनाई है. इससे पहले नवाज शरीफ ने आज ही फैसला टालने के लिए याचिका दाखिल की थी. जिसे अदालत ने ठुकरा दिया था.

अदालत ने मरियम के पति कैप्टन (रिटायर्ड) सफदर को भी एक साल जेल की सजा सुनाई है. एहतिसाब अदालत के जज मोहम्मद बशीर ने बंद कमरे में फैसला सुनाया. अदालत के 100 पन्ने के फैसले में शरीफ पर एक करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया गया है जबकि उनकी बेटी मरियम पर 26 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया गया है. पनामागेट में नवाज शरीफ के खिलाफ तीन केस दर्ज हैं. जिसमें से एक लंदन स्थित एवेनफील्ड अपार्टमेंट से जुड़ा है. इसी मामले में सजा हुई है. अदालत ने इस अपार्टमेंट को भी जब्त करने के आदेश दिये हैं.

इससे पहले पनामागेट मामले में पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री को दोषी ठहराया था. जिसके बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद से हटना पड़ा था. अब वह चुनाव नहीं लड़ सकते हैं. वहीं आज अदालत ने मरियम को भी सात साल जेल की सजा सुनाई है. अब उनके राजनीतिक करियर पर भी ग्रहण लग सकता है.

Advertisement

पाकिस्तान में इसी महीने की 25 तारीख को वोट डाले जाएंगे. मरियम लाहौर की सीट से चुनाव लड़ रही हैं. नवाज शरीफ को सजा सुनाए जानने के साथ ही कोर्ट के आसपास भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. नवाज शरीफ फिलहाल अपनी पत्नी की इलाज के लिए लंदन में हैं.

अब क्या करेंगे नवाज शरीफ?
कोर्ट के फैसले के बाद नवाज शरीफ के भाई शाहबाज शरीफ ने कहा कि चुनावों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. हमारे उम्मीदवार अन्याय की बातों को कैंपेन के दौरान उठाएंगे. हमें फैसले से निराशा हुई है. उन्होंने आगे के कदमों पर कहा, ”हम न्याय के लिए सभी कानूनी और संवैधानिक पहलुओं पर विचार करेंगे. नवाज शरीफ बहादुरी से लड़ेंगे.”

Advertisement
GET YOUR OWN WEBSITE
FOR ₹9,999
Domain & Hosting FREE for 1 Year
No Hidden Charges
Follow Nagpur Today on Google
Add Nagpur Today to your Preferred Sources on Google to see our latest news more prominently in Search.