नागपुर: पदवीधर निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव में मतदान के लिए पात्र शिक्षक और कर्मचारियों को विशेष आकस्मिक अवकाश (स्पेशल कैजुअल लीव) देने के निर्देश जिला परिषद, नागपुर के प्राथमिक शिक्षा विभाग ने जारी किए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक मतदान होगा। जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में कार्यरत जिन शिक्षक एवं कर्मचारियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, उन्हें मतदान के लिए आवश्यक अवकाश मंजूर करने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा अधिकारी निलेश गंड ने पत्र जारी कर स्कूल प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य पात्र शिक्षक-कर्मचारियों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने में सुविधा प्रदान करना है।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत अवकाश की प्रविष्टि स्कूल के आधिकारिक अभिलेखों में नियमानुसार दर्ज करना अनिवार्य होगा।



