
नागपुर – मोबाइल गेम के जरिए हुई दोस्ती किस तरह नाबालिग को मुसीबत में डाल सकती है, इसका मामला बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में सामने आया है। ‘फ्री फायर’ गेम खेलते समय उत्तर प्रदेश के युवक के संपर्क में आई 17 वर्षीय छात्रा को कथित तौर पर प्रेमजाल में फंसाकर उत्तर प्रदेश ले जाया गया। वहां उसका यौन शोषण किए जाने का आरोप है। शिकायत मिलते ही बेलतरोड़ी पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए सीतापुर में दबिश दी और छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर नागपुर लाया है।
गेम के दौरान हुई थी आरोपी से पहचान
पुलिस के अनुसार, बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा को मोबाइल पर ऑनलाइन ‘फ्री फायर’ गेम खेलने की आदत थी। इसी दौरान उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी सूरज कुमार राजपूत से हुई। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
17 सितंबर को अचानक घर से हुई लापता
17 सितंबर को छात्रा अचानक घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने बेलतरोड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और छात्रा की तलाश के लिए तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
सीतापुर तक पहुंची पुलिस की जांच
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के उत्तर प्रदेश के सीतापुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद बेलतरोड़ी पुलिस की टीम तत्काल सीतापुर पहुंची और वहां तलाश अभियान चलाकर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में सामने आया यौन शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में छात्रा ने आरोपी पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सूरज कुमार राजपूत को हिरासत में लेकर नागपुर लाया है। मामले में नाबालिग से जुड़े कानूनों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।




