नागपुर: शहर के शांतिनगर थाना क्षेत्र में बंद मकान में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने नशे और ऑनलाइन जुए की लत के कारण कर्ज में डूबने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्वप्निल बुराडे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शांतिनगर के साईं नगर निवासी दीपक यादव, जो गढ़चिरौली में नौकरी करते हैं, घटना के समय अपने परिवार के साथ बाहर थे। इसी दौरान आरोपी ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को स्वप्निल बुराडे की संलिप्तता के सुराग मिले। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का अधिकांश माल भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे नशे की लत है और वह ऑनलाइन जुआ भी खेलता था। जुए में भारी नुकसान होने से वह कर्ज में डूब गया था और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल शांतिनगर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





