मनपा में फिर भाजपा को सत्ता

Advertisement

NMC-Building
नागपुर:
नागपुर महानगर पालिका चुनाव का चुनावी बिगुल आज शाम मतदान के साथ शांत हो गया। सबकी नजरें अब आगामी 23 फ़रवरी को मतगणना पर टिकी हैं। मनपा सत्ता की चाभी किस दल के पास होगी ये तो 23 तारीख को ही पता चल पायेगा लेकिन मनपा की राजनीति पर पकड़ रखने वाले पत्रकारों की मानें तो भाजपा तीसरी बार मनपा की सत्ता में काबिज़ होने जा रही है। हालांकि बीते दिनों शहर में हुई
राजनीतिक हलचल में काँग्रेस और भाजपा में कड़ा मुकाबला देखा जा रहा था। पर मंगलवार को हुए मतदान के बाद बाजी एकतरफा भाजपा जीतते हुए दिखायी दे रही है। मनपा में सत्ता हासिल करने के लिए 76 सीटों की आवश्यकता है।

द हितवाद के पत्रकार मनीष सोनी का आकलन कहता है कि बीजेपी 70 से 80 सीट जीत सकती है। अगर आकलन के अनुसार परिणाम सामने आते हैं तो यह सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी मजबूत हो रही है और अपने दम पर सत्ता बनाने जा रही है। वही काँग्रेस को 35 से 40 सीट मिल सकती है। बसपा से मिलकर चुनाव लड़ रही आंबेडकरी विचारधारा की सभी पार्टियां 15 से 20 सीट जीतने में कामयाब होंगी। इन दलों के अलावा शिवसेना, राष्ट्रवादी काँग्रेस को नुकसान होने का अनुमान मनीष सोनी का है।

महाराष्ट्र टाइम्स के पत्रकार रवि गजभिए का अंदाज भी बीजेपी को बहुमत के करीब ही ले जाता हुआ दिखायी दे रहा है। उनके अनुसार बीजेपी 60 से 70 सीट जीत सकती है, जबकि काँग्रेस को 45 से 50 सीटे जीतने में कामयाबी मिलेगी। अगर यह आकलन सही साबित होता है तब भी काँग्रेस भले बहुमत न हासिल कर पाए पर उसकी स्थिति मौजूदा स्थित से मजबूत ही होगी। वही एनसीपी 10 से 20, सेना 8 सीट के आसपास बसपा 8 और निर्दलीय 15 से 18 के बीच सीट जीत सकती है। रवि गजभिए का आकलन आज हुए मतदान के आधार पर है सोमवार तक वह बीजेपी को 60 सीटों पर विजयी मान रहे थे।

पुण्य नगरी के पत्रकार राकेश भीलकर का आकलन भी भजपा को बहुमत के आसपास पहुँचा रहा है। वह बीजेपी को 62 से 70 सीट दे रहे हैं जबकि काँग्रेस 35 से 40 सीट के बीच सिमटती दिखायी दे रही है। अगर यह आकलन सही साबित होता है तो काँग्रेस को मौजूदा स्थिति से नुकसान उठाना पड़ेगा। उनके मुताबिक अगर उनका आकलन सही साबित होता है, तो आंकड़े यही कहावत सही ठहराएंगे कि काँग्रेस को सिर्फ काँग्रेस ही हरा सकती है। काँग्रेस ने मनपा चुनाव में विरोधी भाजपा से काम अपनी पार्टी से ही आतंरिक लड़ाई ज्यादा लड़ी है।

दैनिक भास्कर के पत्रकार योगेश चिवंड़े मनपा चुनाव में भाजपा को जीत मिलने की उम्मीद जाता रहे हैं। उनके आकलन के हिसाब से अगर भाजपा 85 अकड़ा पार भी कर लेती है तो इसमें कोई संशय नहीं। मुख्यमंत्री और नितिन गड़करी के शहर में भाजपा की इस तरह की जीत अपेक्षित ही रहेगी। इन दोनों दलों ने जिस तरह की मेहनत की है उसका परिणाम चुनाव परिणाम में दिखेगा ही। उनके मुताबिक काँग्रेस को 45 से 50 सीटे जीतने का अनुमान है। योगेश के अनुसार मुख्य लड़ाई भाजपा और काँग्रेस को बीच ही है जिस वजह से अन्य सभी दलों को उसका नुकसान हो रहा है। हालांकि मनपा की राजनीति में असर रखने वाली बसपा और निर्दलीय और मजबूत होंगे।

नागपुर टुडे के राजीव कुशवाहा भी बीजेपी को मनपा की सत्ता के करीब पा रहे हैं। वह भी बीजेपी को 70 से 80 सीटे दे रहे हैं, जबकि काँग्रेस को 40 के लगभग, एनसीपी को 5 शिवसेना को 5 से 10 के बीच में जबकि 20 बीएसपी को।

पत्रकारों के आकलन के अनुसार भारतीय जनता पार्टी नागपुर मनपा को जीतने में कामयाब होती हुई दिखायी दे रही है। आम तौर पर कम मतदान का विपरीत असर भारतीय जनता पार्टी के लिए चुनाव परिणाम में होता है लेकिन यहाँ उसे फ़ायदा होता हुआ दिखायी दे रहा है। फ़िलहाल नागपुर मनपा में राजनीतिक दलों की स्थिति इस प्रकार है।

भाजपा -63
कांग्रेस -41
बीएसपी -12
शिवसेना -06
एनसीपी -06
भारिप -02
बीआरईएम -01
स्वतंत्र -10
एमएनएस -01
आईयूएमएल -02